पर्दाफाश न्यूज़ 24×7 | महराजगंज
निचलौल। उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने तथा उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत महराजगंज जनपद के निचलौल में एक सराहनीय पहल की गई। इसके अंतर्गत बीएससी की छात्रा मुक्ति तिवारी को एक दिन के लिए निचलौल थानाध्यक्ष बनाया गया। इस पहल से छात्रा को पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने और नेतृत्व की जिम्मेदारियों का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला।

मुक्ति तिवारी ग्राम बरहड़ा चरगहां निवासी प्रकाश चंद्र प्रकाश राम तिवारी की पुत्री हैं। वह सरस्वती देवी महिला महाविद्यालय, टिकुलिया में बीएससी पांचवें सेमेस्टर की छात्रा हैं। मिशन शक्ति अभियान के तहत मिली इस जिम्मेदारी ने उन्हें पुलिस प्रशासन की कार्यशैली, कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को करीब से जानने का अवसर प्रदान किया।

इस अवसर पर निचलौल के थानाध्यक्ष योगेंद्र राय ने मुक्ति तिवारी को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्रा के भविष्य में आगे बढ़ने की कामना की। वहीं, सरस्वती देवी महिला महाविद्यालय के प्राचार्य श्याम बिहारी अग्रवाल ने भी मुक्ति तिवारी को प्रोत्साहित करते हुए जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मिशन शक्ति 6.0 के तहत आयोजित इस तरह की पहल का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।

बेटियों को नेतृत्व का अवसर देना महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुक्ति तिवारी को एक दिन की थानाध्यक्ष बनाए जाने की यह पहल अन्य छात्राओं को भी अपने सपनों को साकार करने और भविष्य में नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाने के लिए प्रेरित कर सकती है।