इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा आदेश: विधायक प्रेम सागर पटेल को नोटिस, चार सप्ताह में मांगा जवाब — आठ वर्षों में अरबों की संपत्ति अर्जित करने पर उठे गंभीर सवाल

 ब्रेकिंग न्यूज 

लखनऊ/महराजगंज।
इलाहाबाद हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच (माननीय न्यायमूर्ति नीरज तिवारी एवं माननीय न्यायमूर्ति विवेक कुमार सिंह) ने मुक़ेश बनाम राज्य उत्तर प्रदेश एवं अन्य (Writ-C No. 23257/2025) मामले में 29 अक्टूबर 2025 को सुनवाई करते हुए विधायक प्रेम सागर पटेल (सिसवा, महराजगंज) को नोटिस जारी कर चार सप्ताह में जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई 26 नवंबर 2025 को निर्धारित की है।

याचिकाकर्ता मुक़ेश की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता श्री राकेश पांडेय और अधिवक्ता शुभम त्रिपाठी ने पक्ष रखा। वहीं राज्य सरकार की ओर से मुख्य स्थायी अधिवक्ता (C.S.C.) और उत्तर प्रदेश लोकायुक्त की ओर से अधिवक्ता मानस भार्गव उपस्थित रहे। अदालत ने पूरक हलफनामा अभिलेख पर स्वीकार करते हुए प्रतिवादी संख्या 4 — विधायक प्रेम सागर पटेल — को नोटिस जारी किया और चार सप्ताह में अपना जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

इस आदेश के बाद सत्तारूढ़ दल के विधायक प्रेम सागर पटेल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। बताया जा रहा है कि मुक़ेश की ओर से दाखिल इस याचिका में विधायक के खिलाफ अवैध संपत्ति अर्जन, पद का दुरुपयोग और लोकायुक्त जांच में गड़बड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

विधायक प्रेम सागर पटेल खुद को गरीब परिवार से आने वाला बताते हैं, लेकिन वर्ष 2017 में विधायक बनने के बाद उनकी संपत्ति में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। आठ वर्षों में विधायक की चल-अचल संपत्तियां कई गुना बढ़ गईं, जिससे उनकी आय के स्रोतों पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।

याचिका में दर्ज विधायक प्रेम सागर पटेल की कथित संपत्तियों का विवरण इस प्रकार बताया गया है—

1️⃣ सरदार पटेल स्कूल, शिव नगर वार्ड नं. 02, महराजगंज — वातानुकूलित इंटर कॉलेज, 101 कमरे, लगभग 40,000 वर्गफीट क्षेत्रफल, अनुमानित कीमत ₹9.50 करोड़।


2️⃣ सेठ एम. ए. जयपुरिया स्कूल बिल्डिंग, बड़हरामीर, महराजगंज — 96 कमरे, 38,000 वर्गफीट एरिया, कीमत ₹12 करोड़।


3️⃣ निचलौल स्थित नया आवास, 20,000 वर्गफीट में निर्मित (2022), कीमत ₹3 करोड़, साथ में 1 एकड़ खाली भूमि कीमत ₹2.20 करोड़।


4️⃣ राप्ती नगर, गोरखपुर में 4 फ्लोर का वातानुकूलित आवास, कीमत ₹6 करोड़।


5️⃣ व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, वार्ड नं. 12 कृष्णानगर, निचलौल — पांच मंजिला इमारत, कीमत ₹5 करोड़।


6️⃣ अवध विहार आवासीय योजना, लखनऊ — मकान नं. 3/टी-102, तीन फ्लोर, कीमत ₹2 करोड़।
7️⃣ अवध विहार आवासीय योजना, लखनऊ — मकान नं. 3/7-101, कीमत ₹1.05 करोड़।
8️⃣ कानपुर रोड, लखनऊ — 1.5 एकड़ भूमि, कीमत ₹8 करोड़।
9️⃣ ठूठीबारी, महराजगंज — 376.32 वर्गमीटर आवासीय भूमि, कीमत ₹2 करोड़।
🔟 पडरी बुजुर्ग, महराजगंज — 364.59 वर्गमीटर आवासीय भूमि, कीमत ₹60 लाख।
11️⃣ सिसवा नगर पालिका परिषद क्षेत्र — सम्पत्ति नं. 1012, कीमत ₹30 लाख।
12️⃣ ग्राम मदनपुरा, महराजगंज — 202 हे. भूमि, कीमत ₹25 लाख।
13️⃣ Fortuner XUV (UP 32 MY 6565) — कीमत ₹50 लाख।
14️⃣ Innova Crysta (UP 53 CW 6565) — कीमत ₹30 लाख।
15️⃣ Scorpio (UP 53 J 7174)
16️⃣ Car (UP 56 B 6556)
17️⃣ Omani Van (UP 53 BW 6565)
18️⃣ Fortuner (UP 53 EJ 6565)

कुल मिलाकर, इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत ₹55 करोड़ से अधिक बताई जा रही है। जबकि विधायक बनने से पहले उनकी घोषित आय व संपत्ति बेहद सीमित थी। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि इन संपत्तियों का निर्माण व अधिग्रहण विधायक के वैध आय स्रोतों से मेल नहीं खाता और इनकी जांच आवश्यक है।

हाईकोर्ट का रुख सख्त, जवाब तलब

कोर्ट ने इस मामले में प्रारंभिक सुनवाई के दौरान ही गंभीरता दिखाई है। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि नोटिस जारी कर चार सप्ताह में जवाब प्रस्तुत किया जाए और इस अवधि में सभी पक्ष अपने-अपने हलफनामे व प्रत्युत्तर दाखिल करें। मामला अब 26 नवंबर 2025 को सूचीबद्ध किया गया है, जहां अगली सुनवाई में कोर्ट तय कर सकता है कि जांच को किस स्तर पर आगे बढ़ाया जाए।

राजनीतिक हलकों में हलचल

इस आदेश के बाद महराजगंज और सिसवा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। विपक्षी दलों ने इसे सत्ता के संरक्षण में चल रहे भ्रष्टाचार का उदाहरण बताया है, वहीं विधायक प्रेम सागर पटेल के समर्थक इसे “राजनीतिक साजिश” कह रहे हैं।

अब सबकी निगाहें 26 नवंबर की सुनवाई पर टिकी हैं, जब इलाहाबाद हाईकोर्ट के समक्ष विधायक प्रेम सागर पटेल को अपने खिलाफ लगे आरोपों पर जवाब देना होगा। अदालत के इस आदेश के बाद यह मामला प्रदेश की राजनीति में बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।

रिपोर्ट: मनोज कुमार तिवारी पर्दा फाश न्यूज 24×7

error: Content is protected !!