सोहगी बरवा में गूंजा “मनरेगा बचाओ संग्राम”, प्रेरकों का हुआ सम्मान

रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी 

महाराजगंज।
जनपद महाराजगंज के सुदूरवर्ती वन क्षेत्र में स्थित, उत्तर प्रदेश-बिहार-नेपाल सीमा पर बसे सोहगी बरवा में आज 31 जनवरी 2026 को जिला किसान कांग्रेस के तत्वावधान में “मनरेगा बचाओ संग्राम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मनरेगा प्रेरकों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस के जिला महासचिव परशुराम यादव ने की, जबकि संचालन हल्ला बोल संगठन से जुड़े गोविंद मिश्रा ने किया। कार्यक्रम का आयोजन विनीत सिंह एवं मनरेगा कोऑर्डिनेटर कपिल देव शुक्ल द्वारा किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरे देश में नाम बदलने की एक्सपर्ट बन चुकी है। देश को आज़ादी दिलाने वाले सत्य और अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम से जुड़े मनरेगा कानून को कमजोर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में मनरेगा के तहत जॉब कार्ड बनाकर रोजगार की गारंटी दी जाती थी और काम न मिलने पर बेरोजगारी भत्ते का भी प्रावधान था, लेकिन आज भाजपा सरकार मजदूरों के अधिकार छीनकर बड़े-बड़े पूंजीपतियों और ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में इस जनविरोधी नीति का पुरज़ोर विरोध करेगी।

पूर्व प्रदेश महासचिव त्रिभुवन नारायण मिश्रा एवं पूर्व जिला अध्यक्ष शरद कुमार सिंह ने कहा कि देश की युवा शक्ति को मनरेगा कार्यक्रमों से जोड़कर बेरोजगारी के खिलाफ संगठित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर खेतिहर मजदूरों को जागरूक करना होगा और मौजूदा सरकार के खिलाफ एक निर्णायक जन आंदोलन खड़ा करना होगा।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदीप, मुरली, सेवा दल के विजय मिश्रा, नीरज नयन सिंह, सुभाष यादव, ज्ञानचंद सोनू, पिंटू, मुफ्त लाल मुसहर, भागवत मुसहर, ज्ञानचंद, कुमारी शीला भारती, श्रीराम प्रीत, बृजलाल, पूर्णमासी सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, मजदूर एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में मनरेगा को मजबूत करने और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।

error: Content is protected !!