मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर महराजगंज सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन ने जताया शोक, भेजा संवेदना पत्र

Pardafas news 24×7 महराजगंज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूजनीय माता श्रद्धेय सावित्री देवी के 20 नवंबर 2026 को गोलोकवास होने की सूचना पर सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन महराजगंज ने गहरा शोक व्यक्त किया। उनके निधन से अधिवक्ता समाज में शोक की लहर है। इस दुखद घड़ी में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

इस अवसर पर सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन महराजगंज के अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रसाद मिश्र एडवोकेट के नेतृत्व में बार सभागार में आपात आमसभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान दिवंगत सावित्री देवी की आत्मा की शांति के लिए शोक प्रार्थना सभा हुई। उपस्थित अधिवक्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।

बार एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संवेदना पत्र भी भेजा गया। पत्र में कहा गया कि माता का बिछड़ना जीवन की सबसे कठिन और पीड़ादायक परिस्थितियों में से एक है। इस अपूरणीय क्षति की घड़ी में महराजगंज का समूचा अधिवक्ता समाज उनके साथ खड़ा है। एसोसिएशन ने भगवान महादेव से प्रार्थना की कि वह मुख्यमंत्री और उनके परिवार को इस गहरे दुख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करें।

वहीं, एसोसिएशन के महामंत्री प्रमोद कुमार त्रिपाठी एडवोकेट ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस कठिन समय में धैर्य, साहस और संबल प्रदान करें। उन्होंने दिवंगत माता जी के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई।

शोकसभा के अंत में बार एसोसिएशन के सभी सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और मुख्यमंत्री एवं उनके परिजनों के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त की।

error: Content is protected !!