निचलौल थाना क्षेत्र में नहर में एक महिला के छलांग लगाने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद दो छात्रों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए महिला की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, कृष्णा गुप्ता निवासी सेखुई, थाना चौक और सद्दाम हुसैन निवासी कोहडवल, थाना निचलौल, जो मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज में कक्षा 10 के छात्र हैं, ने अपनी जान की परवाह किए बिना नहर के तेज बहाव में उतरकर महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया।
दोनों छात्रों के इस साहसिक एवं मानवीय कार्य की पुलिस प्रशासन ने सराहना की। 12 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दोनों छात्रों को आमंत्रित कर पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री शक्ति मोहन अवस्थी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने दोनों छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि संकट के समय इन बच्चों द्वारा दिखाई गई निस्वार्थ मदद और साहस समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक है।
दोनों छात्रों के साहस ने साबित किया कि सही समय पर उठाया गया एक कदम किसी की जिंदगी बचा सकता है।