Pardafas news24×7 ठूठीबारी, महराजगंज। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर ठूठीबारी पुलिस ने मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को ग्राम लक्ष्मीपुर खुर्द में जागरूकता चौपाल का आयोजन किया। मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत थाना ठूठीबारी की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं, बालिकाओं और ग्रामीणों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के बारे में समझाया। इसके साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, सखी वन स्टॉप सेंटर, पॉक्सो एक्ट और मिशन शक्ति के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना डरे पुलिस की सहायता लेने की अपील की।
चौपाल में बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करते हुए लोगों से इनके खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया गया। पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आपातकालीन सहायता और सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी।
पुलिस ने महिला पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन पुलिस सहायता 112 और साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 नंबर के बारे में बताया। साथ ही किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक प्रियंका मौर्या, महिला कांस्टेबल अंतिमा वर्मा, महिला कांस्टेबल रजनी अग्रहरि, कांस्टेबल अवनीश यादव और हेड कांस्टेबल उदय
भान कुमार सहित पुलिस टीम मौजूद रही। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा।