निचलौल में मध्यान्ह भोजन रसोइयों के उत्पीड़न का आरोप, बिना नोटिस सेवा से हटाने पर भड़का संगठन; आंदोलन की चेतावनी

Pardafas news 24×7 निचलौल/महराजगंज। निचलौल क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय कोल्हुआ में मध्यान्ह भोजन योजना के तहत कार्यरत रसोइयों को बिना

#maharajganj #nichlaul #up #rasoiya #news

किसी पूर्व सूचना और नोटिस के सेवा से हटाए जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर राष्ट्रीय मध्यान्ह भोजन रसोइया फ्रंट ने शिक्षा विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए खंड शिक्षा अधिकारी निचलौल को शिकायती पत्र सौंपा है। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

संगठन का आरोप है कि प्राथमिक विद्यालय कोल्हुआ के प्रधानाध्यापक कालिका प्रसाद सिंह ने बिना किसी शासनादेश और पूर्व सूचना के विद्यालय में पहले से कार्यरत रसोइयों को काम से हटा दिया। संगठन ने 13 अक्टूबर 2026 को विद्यालय में हुए निरीक्षण का हवाला देते हुए मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और रसोइयों को दिए जाने वाले भोजन की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।

शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता को लेकर आवाज उठाने वाली रसोइयों के साथ दुर्व्यवहार किया गया। इसके अलावा प्रधानाध्यापक पर मनमाने तरीके से नई रसोइयों की नियुक्ति करने और पूर्व से कार्यरत रसोइयों को रोजगार से वंचित करने का आरोप भी लगाया गया है।

राष्ट्रीय मध्यान्ह भोजन रसोइया फ्रंट ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, आरोपों की सत्यता सामने लाई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए। साथ ही पूर्व से कार्यरत रसोइयों को दोबारा सेवा में बहाल करने की मांग उठाई गई है।

संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग की ओर से उचित कार्रवाई नहीं की गई तो रसोइया संगठन आंदोलन करने के साथ भूख हड़ताल करने के लिए बाध्य होगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष संध्या देवी, जिला संयोजक राजेंद्र प्रसाद, जिला सचिव रामसेवक और ब्लॉक अध्यक्ष पाना देवी सहित संगठन के अन्य लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!