रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी
नौतनवा/महराजगंज। सनातन संस्कृति के पवित्र तीज पर्व के उपलक्ष्य में सेवा भारती महराजगंज की ओर से रविवार, 13 सितंबर 2026 को नौतनवा नगर की माताओं एवं बहनों के लिए निःशुल्क मेहंदी शिविर का आयोजन किया गया। सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय, नौतनवा में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर में नगर की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

शिविर में सरस्वती शिशु मंदिर की प्रशिक्षित छात्राओं ने माताओं और बहनों के हाथों पर आकर्षक एवं सुंदर मेहंदी लगाई। निःशुल्क मेहंदी सेवा का लाभ लेने के लिए महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्राओं ने अपनी कला एवं हुनर का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न डिजाइनों से महिलाओं के हाथों को सजाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि तीज पर्व हमारी सनातन संस्कृति में सुहाग, उमंग और खुशियों का प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर सेवा भारती द्वारा माताओं एवं बहनों को निःशुल्क मेहंदी सेवा उपलब्ध कराना सराहनीय एवं अभिनंदनीय प्रयास है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सेवा भारती महराजगंज के पदाधिकारियों को बधाई दी।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर किशोर मद्देशिया ने निःशुल्क मेहंदी सेवा प्रदान करने वाली छात्राओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान छात्राओं की कला और सेवा भावना की सराहना की गई।
कार्यक्रम का संचालन सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य अजय सिंह ने किया, जबकि अध्यक्षता निर्मल शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवा भारती के संरक्षक दिलीप लखानी एवं राजा राम जायसवाल मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में किशोर मद्देशिया, शिव सदन सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिविर में बड़ी संख्या में माताओं एवं बहनों की उपस्थिति रही।