Pardafas news 247 बृजमनगंज, महराजगंज।
आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज एवं आसपास के क्षेत्र के शिक्षक समुदाय और आम जनता ने ट्रेन संख्या 15131/15132 नेपालगंज रोड–वाराणसी सिटी एक्सप्रेस का बृजमनगंज रेलवे स्टेशन पर पुनः नियमित ठहराव बहाल कराने की मांग उठाई है। इस संबंध में नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल के माध्यम से महराजगंज सांसद एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को मांग पत्र भेजकर रेल मंत्रालय से आवश्यक पहल कराने की अपील की गई है।
शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों का कहना है कि उक्त ट्रेन बृजमनगंज क्षेत्र के लोगों के लिए लंबे समय से महत्वपूर्ण रेल सेवा रही है। इसके माध्यम से यात्री गोरखपुर, देवरिया, मऊ, गाजीपुर, सारनाथ और वाराणसी जैसे प्रमुख स्थानों तक सीधा आवागमन करते रहे हैं। पूर्व में बृजमनगंज स्टेशन पर ट्रेन का नियमित ठहराव होने से हजारों यात्रियों को सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी मिलती थी।
वर्तमान में ठहराव बंद होने से यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए दूरस्थ स्टेशनों तक जाना पड़ रहा है। इससे लोगों को अतिरिक्त समय, धन और श्रम खर्च करना पड़ रहा है। विशेष रूप से दूर-दराज के विद्यालयों में आने-जाने वाले शिक्षकों को परिवहन की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। छात्र, शोधार्थी, मरीज, बुजुर्ग और दैनिक यात्री भी इस समस्या से प्रभावित हैं।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि बृजमनगंज से वाराणसी और गाजीपुर जैसे शहरों के लिए सीधी वैकल्पिक बस अथवा रेल सुविधा पर्याप्त नहीं है। ऐसे में इस ट्रेन का ठहराव क्षेत्र के लिए और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। वाराणसी का धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व देखते हुए अंतिम संस्कार, अस्थि विसर्जन एवं अन्य धार्मिक कार्यों के लिए काशी जाने वाले लोगों को भी सीधी रेल सेवा का लाभ मिल सकेगा।
शिक्षक समुदाय एवं क्षेत्रवासियों ने सांसद से जनहित में रेल मंत्रालय से वार्ता कर ट्रेन संख्या 15131/15132 का बृजमनगंज स्टेशन पर पुनः ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग की है।
मांग पत्र पर प्रीती विश्वकर्मा, दिव्या सिंह, प्रिया सिंह, मनोज कुमार जायसवाल, रितेश, राजीव पाण्डे, भरतलाल, सरफराज, रिंकी वर्मा, आरती दूबे, श्वेता शुक्ला, सरिता यादव, सुभाष यादव सहित अनेक शिक्षकों ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान सभासद दिलीप गुप्ता, जेपी गौड़ और राजन चौरसिया मौजूद रहे।