Pardafas news 24×7 महराजगंज। महराजगंज नगर स्थित नगर सहकारी बैंक में गुरुवार को आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी कर दस्तावेजों और वित्तीय अभिलेखों की जांच शुरू की।
लखनऊ और गोरखपुर से पहुंची संयुक्त टीम के अचानक बैंक परिसर में पहुंचने से कर्मचारियों में हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार, टीम ने बैंक के दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन से संबंधित अभिलेखों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की। कार्रवाई के दौरान बैंक परिसर में कर्मचारियों और अन्य लोगों की आवाजाही पर भी निगरानी रखी गई।
कार्रवाई के संबंध में आयकर विभाग, गोरखपुर से जुड़े एक अधिकारी से फोन पर जानकारी ली गई। अधिकारी के अनुसार, बैंक की सेफ्टी फाइलिंग से संबंधित संभावित अनियमितताओं को लेकर डाटा एकत्र किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एकत्र किए गए दस्तावेजों और डाटा की जांच के बाद यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी ने यह भी बताया कि बैंक की ओर से कई वर्षों से मांगे गए कुछ दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने की बात सामने आई है। इसी क्रम में संबंधित रिकॉर्ड को जांच के लिए लिया जा रहा है।
हालांकि, आयकर विभाग की कार्रवाई का विस्तृत कारण और जांच का अंतिम निष्कर्ष अभी सामने नहीं आया है। फिलहाल टीम बैंक से संबंधित दस्तावेज और डाटा एकत्र कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किसी नियम का उल्लंघन हुआ है या नहीं और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।