निचलौल में नेफेड धान क्रय केंद्र पर अब तक शुरू नहीं हुई खरीद, कांटा तक नहीं लगा; परेशान किसान लगा रहे चक्कर

Pardafas news 24×7 निचलौल, महराजगंज। नवीन मंडी परिसर स्थित राजकीय धान क्रय केंद्र, नेफेड निचलौल मंडी द्वितीय पर अब तक धान खरीद शुरू नहीं हो सकी है। हैरानी की बात यह है कि केंद्र पर अभी तक धान की तौल के लिए कांटा भी नहीं लगाया गया है। इससे अपनी उपज बेचने के लिए किसान परेशान हैं और नंबर लगवाने के बावजूद केंद्र का चक्कर लगाने को मजबूर हैं।

बताया जा रहा है कि मंडी परिसर में संचालित अन्य धान क्रय केंद्रों पर एक नवंबर से ही खरीद प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन नेफेड के इस केंद्र पर अब तक खरीद शुरू नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ रही है। किसान अपनी मेहनत से तैयार की गई धान की फसल बेचने के लिए केंद्र के चालू होने का इंतजार कर रहे हैं।

किसानों का कहना है कि खरीद शुरू नहीं होने से उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, केंद्र पर व्यवस्था शुरू नहीं होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

इस संबंध में नेफेड केंद्र प्रभारी संजय पटेल ने बताया कि कुछ कागजी औपचारिकताओं के कारण धान खरीद शुरू होने में देरी हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कल से केंद्र पर धान खरीद प्रारंभ कर दी जाएगी। अब देखना होगा कि केंद्र प्रभारी का यह आश्वासन कितना जल्द धरातल पर उतरता है और किसानों को राहत मिल पाती है या नहीं।

error: Content is protected !!