Pardafas news 24×7 महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा के सोनौली क्षेत्र स्थित पिपरहिया बगीचे में एक दिवसीय विशाल कुश्ती दंगल प्रतियोगिता

का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के साथ-साथ हरियाणा, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला और दमखम का प्रदर्शन किया।
दंगल में देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे पहलवानों के बीच कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण मध्य प्रदेश के खिलाड़ी और राजू पहलवान के बीच हुआ मुकाबला रहा, जिसमें राजू पहलवान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश के खिलाड़ी को शिकस्त दी। इस मुकाबले को देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कुश्ती दंगल के आयोजन के दौरान आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। दर्शकों की भारी भीड़ ने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। भारत-नेपाल सीमा पर आयोजित एक प्रतियोगिता ने खेल भावना के साथ दोनों देशों के लोगों को एक मंच पर जोड़ने का काम किया। पूरे आयोजन के दौरान कुश्ती प्रेमियों में खासा उत्साह बना रहा।