Pardafas news 24×7 भिटौली/महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के शिकारपुर चौकी अंतर्गत लक्ष्मीपुर शिवाला गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब
शिवमंदिर परिसर स्थित सरोवर में एक 42 वर्षीय व्यक्ति का शव उतराता हुआ मिला। शव दिखाई देने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को सरोवर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक की पहचान गोरखपुर जनपद के गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल सखनी गांव निवासी सुभाष गुप्ता (42) पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से लक्ष्मीपुर शिवाला और आसपास के गांवों में मजदूरी तथा भिक्षाटन कर अपना गुजर-बसर करता था। शाम होने पर वह शिवमंदिर परिसर स्थित यज्ञ मंडप में ही सो जाया करता था।
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9:54 बजे गांव की सुशीला गिरी मंदिर परिसर स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं। इसी दौरान उनकी नजर सरोवर में उतराती एक आकृति पर पड़ी। शुरुआत में उन्हें वह पुतला लगा, लेकिन पास जाकर देखने पर शव होने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी। सरोवर की सीढ़ियों पर मृतक की सफेद टी-शर्ट और भूरे रंग की चप्पल भी मिली।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक शराब का आदी था। आशंका जताई जा रही है कि वह करीब दो दिन पहले नशे की हालत में सरोवर में गिर गया होगा और डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
ग्राम प्रधान कृष्णमोहन पटेल की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भिटौली सत्येंद्र कुमार राय, शिकारपुर चौकी प्रभारी एवं उपनिरीक्षक अभिजीत राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक की मां सत्ती देवी, बड़े भाई राजू गुप्ता और भाभी पुष्पा देवी सहित अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।