Pardafas news 24×7 पनियरा (महराजगंज)। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति में पनियरा के ब्लॉक प्रमुख एवं प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश शुक्ल को सदस्य मनोनीत किए जाने के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर है। इस उपलब्धि पर रविवार को ब्लॉक परिसर पनियरा में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी।
स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया। उपस्थित लोगों ने वेदप्रकाश शुक्ल के राजनीतिक अनुभव, संगठन के प्रति समर्पण और क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका की सराहना की। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनने से महराजगंज जिले में भाजपा संगठन को और मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर वेदप्रकाश शुक्ल ने सभी जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास और जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे पनियरा क्षेत्र और प्रमुख संघ के साथियों का है।
उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि यह सभी कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है। सभी को एकजुट होकर संगठन के लिए काम करना होगा, ताकि प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य को मजबूती मिल सके।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख जयनाथ सिंह, सतीश सिंह, जनार्दन सिंह, अभय सिंह, राजेश पाल, गणेश प्रजापति, बाल जी सिंह, सुनील कन्नौजिया, रामकेश सिंह सहित भाजपा मंडल अध्यक्ष, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।