सिसवा में प्रत्याशी बनने का दावा, लेकिन अपने ही विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की गैरमौजूदगी! सुशील टिबडेवाल के कार्यालय उद्घाटन ने खड़े किए कई सवाल

 

महराजगंज।समाजवादी पार्टी की राजनीति में सिसवा विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनने की दावेदारी को लेकर चर्चाओं के बीच सुशील टिबडेवाल द्वारा निचलौल में गृह प्रवेश एवं केंद्रीय चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर इसमें शामिल हुए सम्मानित अतिथियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार जताया। लेकिन इस कार्यक्रम में शामिल लोगों की संख्या और उनकी क्षेत्रीय मौजूदगी अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कार्यालय उद्घाटन के इस कार्यक्रम में कुल लगभग 13 लोग ही उपस्थित रहे। इनमें सिसवा विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले केवल एक व्यक्ति महातम यादव की मौजूदगी बताई जा रही है, जबकि शेष लोग महराजगंज विधानसभा क्षेत्र से संबंधित बताए जा रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस सिसवा विधानसभा क्षेत्र से सुशील टिबडेवाल अपनी राजनीतिक दावेदारी पेश कर रहे हैं, उसी क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में नजर क्यों नहीं आए?

राजनीति में किसी भी प्रत्याशी की ताकत केवल चुनाव कार्यालय खोलने, सोशल मीडिया पर आभार व्यक्त करने या खुद को प्रत्याशी घोषित करने से नहीं आंकी जाती, बल्कि उसकी असली ताकत क्षेत्र में संगठनात्मक पकड़, कार्यकर्ताओं का समर्थन और जनता के बीच उसकी स्वीकार्यता से तय होती है।

ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या सुशील टिबडेवाल को सिसवा विधानसभा के समाजवादी पार्टी संगठन का समर्थन हासिल है? क्या स्थानीय कार्यकर्ता उनकी दावेदारी से सहमत नहीं हैं? या फिर यह महज एक सीमित उपस्थिति वाला निजी कार्यक्रम था?

हालांकि, किसी एक कार्यक्रम में कम उपस्थिति को राजनीतिक समर्थन का अंतिम पैमाना नहीं माना जा सकता, लेकिन प्रत्याशी बनने की दावेदारी के बीच यह तस्वीर कई राजनीतिक सवाल जरूर खड़े करती है।

**अब देखना होगा कि सुशील टिबडेवाल सिसवा विधानसभा में अपनी राजनीतिक जमीन कितनी मजबूत कर पाते हैं और समाजवादी पार्टी का स्थानीय संगठन उनकी दावेदारी को किस नजरिए से देखता है।**

error: Content is protected !!