बृजमनगंज में छठ पूजा की तैयारियां तेज, नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने किया घाटों का निरीक्षण

Pardafas news 24×7 महराजगंज। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। नगर पंचायत प्रशासन की ओर #maharajganj #chhath #news से पिछले एक सप्ताह से छठ घाटों को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने का कार्य लगातार कराया जा रहा है। नगर स्थित ठाकुर द्वारा पोखरा एवं शिवालय पोखरा पर साफ-सफाई, चूना पुताई और छठ पूजा के लिए वेदियों के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है।

इन दोनों पोखरों पर प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करती हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत प्रशासन विशेष इंतजाम कर रहा है।

शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने दोनों छठ पूजा स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित सफाई कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने बताया कि दोनों घाटों पर बेहतर साफ-सफाई के साथ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराई जा रही है। श्रद्धालुओं और कार्यक्रम की मॉनिटरिंग के लिए एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देशों के अनुरूप छठ पूजा का आयोजन बेहतर तरीके से संपन्न कराने के लिए नगर पंचायत पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने नगरवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

वहीं, अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा ने बताया कि धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक धरोहर के प्रतीक हैं। व्रती महिलाओं की सुविधा के लिए घाटों पर चेंजिंग रूम, शौचालय और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि पर्व का आयोजन भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।

निरीक्षण के दौरान सभासद झिनक विश्वकर्मा, धर्मेंद्र चौरसिया, तौलन चौरसिया, सनी रैना, अनिल मणि, राजन चौरसिया, नगर कर्मचारी कासिम, सागर कन्नौजिया, दीपक विश्वकर्मा सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मचारी एवं सफाई कर्मी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!