Pardafas news 24×7 महराजगंज। जिला अस्पताल परिसर में सोमवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवती ने कथित तौर पर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। देखते ही देखते युवती आग की लपटों से घिर गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग तत्काल उसे बचाने के लिए दौड़े और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और युवती को बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना में युवती करीब 55 प्रतिशत तक झुलस गई है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। युवती की पहचान ठूठीबारी क्षेत्र निवासी सुनीता के रूप में हुई है। घटना के बाद अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उसका उपचार शुरू किया। फिलहाल युवती डॉक्टरों की निगरानी में है और उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुनीता पिछले करीब छह महीने से जिला अस्पताल परिसर के आसपास ही रह रही थी। वह अस्पताल के आसपास घूमती रहती थी और लोगों से मदद मांगकर अपना गुजारा करती थी। कुछ स्थानीय लोगों ने उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कही है, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, युवती के परिवार के बारे में जानकारी और इस घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। घटना को लेकर अस्पताल परिसर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
इस संबंध में सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि युवती का इलाज प्राइवेट वार्ड में चल

रहा है। चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी देखरेख कर रही है। अस्पताल प्रशासन का पूरा ध्यान फिलहाल युवती को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर है।