महराजगंज में स्टंटबाजों का आतंक! एक बाइक पर सवार दिखे 6 युवक, वीडियो वायरल

Pardafas news 24×7 महराजगंज। जिले में यातायात नियमों की अनदेखी और सड़क पर मनमानी करने वाले स्टंटबाजों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कोल्हुई थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक बाइक पर छह युवकों के सवार होने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक ही दोपहिया वाहन पर छह युवक बैठे नजर आ रहे हैं। इस तरह खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

बताया जा रहा है कि युवकों ने सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने और वायरल होने की होड़ में इस तरह का जोखिम भरा कदम उठाया। हालांकि, इस तरह की लापरवाही केवल बाइक सवारों के लिए ही नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य राहगीरों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। अचानक संतुलन बिगड़ने या बाइक अनियंत्रित होने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है।

हैरानी की बात यह है कि प्रशासन और यातायात पुलिस लगातार लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात करती है। इसके बावजूद कुछ युवक नियमों को ताक पर रखकर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं।

अब वायरल वीडियो के सामने आने के बाद लोगों की निगाहें यातायात पुलिस और स्थानीय प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल यह भी है कि आखिर ऐसे लोगों पर कब सख्ती होगी, जो सोशल मीडिया पर कुछ पल की लोकप्रियता के लिए सड़क सुरक्षा को नजरअंदाज कर रहे हैं। फिलहाल वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि और युवकों के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।

Oplus_131072
error: Content is protected !!