बृजमनगंज नगर पंचायत की ईओ सुरभि मिश्रा का तबादला, पंकज कुमार ने संभाली कमान

बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज नगर पंचायत में प्रशासनिक फेरबदल के तहत अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुरभि मिश्रा का दूसरे जनपद में तबादला कर दिया गया है। शासन की स्थानांतरण नीति के तहत तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद उनका स्थानांतरण किया गया है। उनके स्थान पर पंकज कुमार को बृजमनगंज नगर पंचायत का नया अधिशासी अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरभि मिश्रा को जनपद सिद्धार्थनगर की नगर पंचायत भारतभारी में प्रशासकीय अधिकारी के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, बृजमनगंज नगर पंचायत के नए ईओ बनाए गए पंकज कुमार इससे पहले नगर पंचायत मेंहदावल में कार्यरत थे। अब उन्हें बृजमनगंज नगर पंचायत की जिम्मेदारी दी गई है।

पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि नगर अध्यक्ष के नेतृत्व में नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही नगर को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने, साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर करने और नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।

इस दौरान नगर पंचायत के बड़े बाबू रमेश चौधरी, छोटे बाबू राहुल, कासिम अली सहित नगर पंचायत के अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!