ग्रामीण विज्ञान प्रदर्शनी में 44 विद्यालयों के 849 छात्र-छात्राओं ने किया शानदार प्रदर्शन, बाल वैज्ञानिकों के नवाचार को मिला सराहना और सम्मान
महराजगंज। महाराजगंज महोत्सव के तीसरे दिन गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय आदिवासी ग्रामीण विज्ञान प्रदर्शनी मेला का समापन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर भारत सरकार के केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचकर प्रत्येक बाल वैज्ञानिकों के मॉडल को देखा और उनके मनोबल को बढ़ाया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत आज विज्ञान के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। हमारे वैज्ञानिक चांद तक पहुंचे हैं और अब सूर्य व अंतरिक्ष के रहस्यों को सुलझाने की दिशा में अग्रसर हैं। देश के वैज्ञानिक नित्य नए प्रयोग कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के इन बच्चों ने जो मॉडल तैयार किए हैं, उन्हें देखकर गर्व होता है कि देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा ताकि वे आगे चलकर देश का नाम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने भी प्रदर्शनी स्थल का निरीक्षण कर बाल वैज्ञानिकों के नवाचारों की सराहना की। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि विज्ञान के प्रति ऐसी प्रतिभाएं ही देश की नींव मजबूत करती हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीजी कॉलेज के प्रबंधक डॉ. बलराम भट्ट ने की। उन्होंने सभी बाल वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए कहा कि नवाचार की भावना ही वास्तविक शिक्षा का सार है।
विज्ञान प्रदर्शनी में 849 छात्रों की भागीदारी
जिला विज्ञान क्लब से संबद्ध प्रदर्शनी के संयोजक विमल कुमार पांडे ने बताया कि इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में कुल 44 विद्यालयों के 849 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बच्चों ने विभिन्न सामाजिक व पर्यावरणीय समस्याओं के समाधान हेतु वैज्ञानिक मॉडल तैयार किए, जिससे ग्रामीण छात्रों में वैज्ञानिक चेतना और जागरूकता में वृद्धि हुई है।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, तथा गाजियाबाद की वैज्ञानिक रोहिणी गोली नगर ने छात्रों को गणितीय मैजिक कार्ड, पाइप लाइन से हथेली पर चित्र उभारने जैसे रोचक प्रयोग दिखाए जिससे छात्रों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ी।
समापन समारोह में सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान किए गए। संचालन विज्ञान शिक्षक अमरेंद्र कुमार शर्मा ने किया, जबकि संत राज यादव, विवेकानंद, विनय शंकर प्रजापति, शशि भूषण तिवारी, सुनील कुमार, अभिषेक पांडे, डॉ. सर्वेश पटेल, रोहित गुप्ता, राजेश शर्मा, प्रिया गुप्ता आदि शिक्षकों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता हुए सम्मानित
तीन दिवसीय प्रदर्शनी के दौरान कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में
- प्रथम स्थान: हाइड्रोजन गैस बाइक मॉडल (दीनदयाल इंटर कॉलेज, महाराजगंज), फ्यूचर फ्यूल हाइड्रोजन मॉडल (आरपीएससी इंटर कॉलेज, सिसवा), तथा रॉकेट लॉन्चिंग मॉडल (सेंट जोसेफ स्कूल, महाराजगंज) को संयुक्त रूप से मिला।
- द्वितीय स्थान: सेफ्टी स्टिक फॉर फार्मर (गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज, महाराजगंज)।
- तृतीय स्थान: स्मार्ट ब्लाइंड ग्लास मॉडल (सेंट जेवियर स्कूल, महाराजगंज)।
भाषण प्रतियोगिता में
- प्रथम – शिवांगी (आर सनशाइन अकैडमी),
- द्वितीय – अंबिका गिरी (ध्रुव नारायण पब्लिक स्कूल),
- तृतीय – आस्था (आरपीएससी इंटर कॉलेज)।
विज्ञान गीत प्रतियोगिता में
- प्रथम – कामिनी यादव (गणेश शंकर विद्यार्थी इंटर कॉलेज),
- द्वितीय – उजाला निषाद (दिग्विजयनाथ इंटर कॉलेज, चौक बाजार),
- तृतीय – अंशिका विश्वकर्मा (गुरुकुल शिक्षा निकेतन)।
विज्ञान गीत लेखन प्रतियोगिता में
- प्रथम – लकी (दीनदयाल इंटर कॉलेज),
- द्वितीय – आर्य मिश्रा (आरपीएससी सिसवा),
- तृतीय – श्वेता शर्मा (दिग्विजयनाथ इंटर कॉलेज, चौक बाजार)।
विज्ञान पोस्टर प्रतियोगिता में
- प्रथम – प्रियंका विश्वकर्मा (हाजी अजहर इंटर कॉलेज),
- द्वितीय – मुस्कान (दीनदयाल इंटर कॉलेज),
- तृतीय – प्रियंका यादव (गुरुकुल शिक्षा निकेतन)।
सभी विजेताओं को मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, डॉ. बलराम भट्ट, प्रधानाचार्य धनंजय सिंह, विमल पांडे, और डॉ. शांति शरण मिश्र ने प्रमाण पत्र, मेडल और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
44 विद्यालयों के बच्चों ने प्रस्तुत किए शानदार मॉडल
प्रदर्शनी में जिन विद्यालयों ने अपने उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत किए उनमें शामिल रहे —
सेंट जोसेफ स्कूल महाराजगंज, दीनदयाल इंटर कॉलेज महाराजगंज, आरपीएससी इंटर कॉलेज सिसवा, पैरामाउंट अकैडमी महाराजगंज, दुर्गावती देवी इंटर कॉलेज भिटौली, कॉस्मोपॉलिटन स्कूल महाराजगंज, कस्तूरबा गांधी इंटर कॉलेज, ध्रुव नारायण पब्लिक स्कूल धनखरी, शांति बाल विद्या मंदिर, सिटी मॉन्टेसरी स्कूल महाराजगंज, आर. सनशाइन अकैडमी, आर.के. इंटर कॉलेज हरपुर, पीएच स्कूल, दिग्विजय नाथ इंटर कॉलेज चौक, होप पब्लिक स्कूल धरमपुर, वीर अब्दुल हमीद स्कूल, जेडी मेमोरियल घुघली, गुरुकुल शिक्षा निकेतन, डॉ. मोहन सिंह पब्लिक स्कूल, मोहन चतुर्वेदी स्कूल, इंटीरियर पब्लिक स्कूल, एसपी अकैडमी, विजन अकैडमी, स्टैनफोर्ड पब्लिक स्कूल अमहवा, स्टर्लिंग पब्लिक स्कूल सिसवा, आरएस पब्लिक स्कूल, ऑक्सफोर्ड इंग्लिश स्कूल, सेंट जेवियर स्कूल, राइजिंग स्टार अकादमी, बजरंगी सिंह इंटर कॉलेज घुघुरी, वैदिक इंटर कॉलेज, कार्मल इंटर कॉलेज, सरदार पटेल इंटर कॉलेज, हाजी अजहर इंटर कॉलेज, ब्राइट फ्यूचर स्कूल परतावल, राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय हाई स्कूल सिंहपुर शाहिद।

कार्यक्रम के दौरान विधायक जय मंगल कनौजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडे, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, डॉ. बलराम भट्ट, डीएम संतोष कुमार शर्मा, विज्ञान क्लब के संयोजक विमल पांडे, डॉ. शांति शरण मिश्र सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि भारत के गांवों में भी वैज्ञानिक चेतना गहराई तक पहुंच चुकी है और आने वाला भारत, विज्ञान के क्षेत्र में विश्व का नेतृत्व करेगा।