रिपोर्ट – सुर्य प्रकाश तिवारी

महराजगंज। सड़क किनारे तेज रफ्तार में दौड़ रहा एक भारी-भरकम मिक्सर डंपर अनियंत्रित होकर मकान और दुकान से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि सड़क किनारे स्थित दुकान को भी काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर तेज गति से जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और डंपर सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। टक्कर के कारण भवन की दीवारों समेत कई हिस्से टूट गए। दुकान को भी भारी नुकसान हुआ। सुबह घटनास्थल पर पहुंचे लोगों ने क्षतिग्रस्त मकान और दुकान को देखा तो हादसे की भयावहता का अंदाजा लगा।
दो क्रेनों से कई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद भारी डंपर मकान के हिस्से में फंस गया था। वाहन को हटाना प्रशासन और राहत टीम के लिए चुनौती बन गया। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे दो बड़ी क्रेनों को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद कई घंटे तक लगातार मशक्कत चली। क्रेन की मदद से डंपर को सावधानीपूर्वक मकान से बाहर निकाला गया।

सुरक्षा को देखते हुए पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही। डंपर हटाए जाने के बाद सड़क पर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया। घटना में किसी के घायल या मृत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, क्षतिग्रस्त मकान और दुकान के नुकसान का भी आकलन कराया जा रहा है।