नौतनवा में चीनी के बढ़े दामों पर आपूर्ति विभाग की छापेमारी, स्टॉक की हुई जांच

पर्दाफाश news 24×7 नौतनवा स्बे में चीनी के दामों में अचानक हुई बढ़ोतरी ने आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। करीब 40 रुपये प्रति किलो बिकने वाली चीनी की कीमत इन दिनों बढ़कर 65 से 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। बढ़ते दामों और अवैध भंडारण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सोमवार को आपूर्ति विभाग की टीम ने नौतनवा कस्बे के गोदामों और दुकानों की जांच की।

एमओ भूपेंद्र प्रताप, एआरओ धर्मेंद्र कुमार और एसआई हर्षवर्धन श्रीवास्तव की संयुक्त टीम ने कस्बे की दो प्रमुख दुकानों पर पहुंचकर चीनी के स्टॉक, खरीद-बिक्री और भंडारण से संबंधित जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने दुकानों में उपलब्ध चीनी के स्टॉक की जांच-पड़ताल की। हालांकि जांच के बाद अधिकारियों ने स्टॉक और अन्य व्यवस्थाओं को नियमानुसार बताते हुए सब कुछ सही मिलने की बात कही।

बताया जाता है कि इंडो-नेपाल सीमा से सटे बाजारों में नेपाल के लिए चीनी की बड़े पैमाने पर तस्करी की शिकायतें सामने आती रही हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में मांग बढ़ने पर बिचौलियों द्वारा चीनी की बोरियों का डंपिंग और अवैध भंडारण किए जाने की आशंका रहती है। इससे स्थानीय बाजार में कृत्रिम किल्लत पैदा होने के साथ कीमतों में भी तेजी आती है। आपूर्ति विभाग की जांच के बाद अब अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

error: Content is protected !!