रिपोर्ट – कृष्णा तिवारी
महराजगंज। परतावल विकासखंड के खंड विकास अधिकारी श्री कृष्ण कांत शुक्ल के विरुद्ध जिलाधिकारी से गोपनीय जांच कराए जाने की मांग की गई है। जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि बीडीओ द्वारा विकासखंड की महिला कर्मचारियों को देर रात करीब 12 बजे तक फोन कर परेशान किया जाता है।

प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि कार्यालय समय समाप्त होने के बाद महिला कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता है और उन्हें कथित रूप से झांसे में लेकर सार्वजनिक स्थानों पर साथ घूमने तथा खरीदारी करने के लिए प्रेरित किया जाता है। शिकायतकर्ता ने इसे कर्मचारी आचरण नियमावली के विपरीत बताते हुए मामले की निष्पक्ष एवं गोपनीय जांच की मांग की है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच गोपनीय तरीके से कराई जाए, ताकि संबंधित महिला कर्मचारियों के बयान और अन्य तथ्यों को निष्पक्ष रूप से सामने लाया जा सके। साथ ही, यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की संस्तुति की जाए।

अब देखना होगा कि जिलाधिकारी स्तर से इस शिकायत का संज्ञान लेकर क्या जांच कराई जाती है और जांच के बाद क्या कार्रवाई सामने आती है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और संबंधित अधिकारी का पक्ष सामने आना बाकी है।