बृजमनगंज में जश्न-ए-मिलादुन्नबी पर निकला भव्य जुलूस, गूंजे नात-ए-पाक और नारे

बृजमनगंज/महराजगंज। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को बृजमनगंज कस्बे में जश्न-ए-मिलादुन्नबी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में मदरसे के छात्र-छात्राएं, मौलवी, मुस्लिम समाज के सम्मानित लोग, व्यापारी, व्यवसायी और क्षेत्रवासी शामिल हुए।

जुलूस में बच्चे पारंपरिक एवं धार्मिक वेशभूषा में आकर्षण का केंद्र बने रहे। जुलूस के दौरान रास्ते भर नात-ए-पाक की सदाएं गूंजती रहीं और लोग उत्साह के साथ इसमें शामिल होते रहे। जुलूस नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान लोगों ने शांति, प्रेम, इंसानियत और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

जुलूस में बुजुर्गों से लेकर युवाओं और बच्चों तक में खासा उत्साह देखने को मिला। नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। आयोजन में शामिल लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को याद करते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव, इंसानियत और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना बनाए रखने की अपील की।

जश्न-ए-मिलादुन्नबी के चलते पूरा बृजमनगंज नगर धार्मिक उत्साह और खुशियों से सराबोर नजर आया। जुलूस के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी सक्रिय रहा। मुस्लिम समाज के साथ अन्य समुदाय के लोगों ने भी आयोजन में सहयोग करते हुए आपसी सौहार्द की मिसाल पेश की।

कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। आयोजन के माध्यम से लोगों ने सामाजिक एकता, शांति और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया।

error: Content is protected !!