नेपाल त्रासदी के बाद गंडक नदी में मौत का सैलाब! 4 शव मिलने से मचा हड़कंप

 रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी 

महराजगंज ब्रेकिंग |

महराजगंज। नेपाल में आई भीषण त्रासदी के बाद भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र से सामने आई तस्वीरों ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। नारायणी/गंडक नदी के तेज बहाव में बहकर भारत की सीमा तक पहुंचे चार शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। नदी से बरामद शवों में तीन महिलाओं और एक पुरुष के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

एसएसबी की सूचना के बाद संबंधित टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और नदी से शवों को बाहर निकालकर सुरक्षित कराया। प्रारंभिक आशंका है कि ये शव नेपाल क्षेत्र में आई त्रासदी के दौरान नदी के तेज बहाव में बहते हुए भारतीय सीमा क्षेत्र तक पहुंचे होंगे। हालांकि, शवों की वास्तविक पहचान और घटना की पूरी परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।

सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि अब तक चारों शवों की पहचान नहीं हो सकी है। कौन थे ये लोग, कहां से आए और त्रासदी के दौरान इनके साथ क्या हुआ—इन सवालों का जवाब तलाशने में प्रशासन जुट गया है।

प्रशासन ने नियमानुसार पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।

चार शव मिलने के बाद सीमा क्षेत्र में चिंता और दहशत का माहौल है। प्रशासन तथा सुरक्षा एजेंसियों ने नदी और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ये चारों शव नेपाल की त्रासदी में लापता हुए लोगों के हैं? इसकी पुष्टि जांच और पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

error: Content is protected !!