Pardafas news 24×7 महराजगंज, 14 सितम्बर 2026। जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, सदर का आकस्मिक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन, स्वच्छता और निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी विभिन्न कक्षाओं में पहुंचे और छात्राओं से पाठ्यक्रम व सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया। छात्राओं के संतोषजनक उत्तर देने पर उन्होंने शिक्षकों की सराहना की और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
डीएम ने विद्यालय के किचन और डाइनिंग हॉल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की जानकारी लेने के साथ छात्राओं के साथ शाम का नाश्ता भी किया और भोजन की गुणवत्ता परखी। व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता के मानकों को लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए।
छात्रावास के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बालिकाओं के रहने की व्यवस्थाओं को देखा तथा कमरों में पर्याप्त वेंटिलेशन और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन कंप्यूटर लैब का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जाए।