Pardafas news 24×7 महराजगंज। जिले के पनियरा थाना क्षेत्र के सूचितपुर बघौना टोला भरटोलिया में मंगलवार शाम एक दुखद घटना सामने आई। कक्षा 11 में पढ़ने वाले 17 वर्षीय मिथिलेश गुप्ता की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद से मां, दादी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गणित की परीक्षा देकर घर लौटा था छात्र
परिजनों और पुलिस के मुताबिक, मिथिलेश मौलागंज स्थित एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था। मंगलवार को उसकी गणित की परीक्षा थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह शाम करीब चार बजे घर लौटा। उस समय परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम करने गए थे। घर पर अकेला होने के दौरान वह अपने कमरे में चला गया।
देर शाम परिजनों को हुई जानकारी
शाम को जब परिवार के सदस्य खेत से लौटे तो उन्होंने मिथिलेश को कमरे में फंदे से लटका पाया। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजन उसे तत्काल मौलागंज चौराहे पर एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुंबई में नौकरी करते हैं पिता
मिथिलेश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसके बड़े भाई विमलेश और संदीप हैं, जबकि छोटा भाई सनी है। परिवार के अनुसार, सभी भाई अभी पढ़ाई कर रहे हैं। उसके पिता लक्ष्मण मुंबई की एक स्टील कंपनी में निजी नौकरी करते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद वह घर के लिए रवाना हो गए। मां प्रमिला और दादी शांति देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पनियरा थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल छात्र की मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।