**कटहरी-गुरली से खड्डा मुख्य मार्ग तक जर्जर सड़क के निर्माण की मांग, अखिल भारतीय हिंदू परिषद ने केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी को सौंपा ज्ञापन**

रिपोर्ट – मनोज कुमार तिवारी 

महराजगंज। जनपद में जर्जर सड़कों की समस्या को लेकर अखिल भारतीय हिंदू परिषद ने आवाज उठाई है। संगठन के जिलाध्यक्ष गौरव दुबे ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं महराजगंज सांसद पंकज चौधरी को ज्ञापन भेजकर कटहरी से गुरली होते हुए खड्डा मुख्य मार्ग से जुड़ने वाली सड़क के नवनिर्माण एवं मरम्मत की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि उक्त सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। वहीं बरसात के दिनों में लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।

जिलाध्यक्ष गौरव दुबे ने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। सड़क की दुर्दशा का असर स्थानीय व्यापार, कृषि कार्यों और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं पर भी पड़ रहा है।

उन्होंने सांसद पंकज चौधरी से जनहित में मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभाग को सड़क के सुदृढ़ीकरण और शीघ्र नवनिर्माण के लिए आवश्यक निर्देश देने की मांग की है। ज्ञापन दिनांक 2 नवंबर 2026 को महराजगंज में जारी किया गया।

error: Content is protected !!