Pardafasnews 24×7 ठूठीबारी/महराजगंज। महराजगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र से अगवा किए गए दो माह के मासूम विक्की को दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है।
कश्मीरी गेट बस स्टैंड पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने दो महिलाओं और एक युवक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस सफलता से मासूम के परिवार में खुशी लौट आई है।
जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर की रात करीब 2 से 4 बजे के बीच राजाबारी टोला रमजीता निवासी गोविंद राजभर का दो माह का बेटा विक्की घर से अचानक गायब हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही ठूठीबारी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में ठूठीबारी पुलिस, एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और डॉग ट्रैकर स्क्वायड की संयुक्त टीम को लगाया गया। जांच के दौरान राजाबारी पुल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में सुबह 3:57 बजे एक संदिग्ध महिला बच्चे को गोद में लेकर जाती दिखाई दी।
इसके बाद पुलिस टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। बस चालकों से पूछताछ, स्थानीय सूचना तंत्र और सर्विलांस की मदद से संदिग्धों का सुराग मिला। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड पहुंची, जहां से मासूम को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अंधविश्वास के चलते मासूम के अपहरण और कथित तौर पर उसकी बलि देने की साजिश का मामला सामने आया है। नेपाल के बैरियहवा में एक झाड़-फूंक करने वाले व्यक्ति की सलाह पर इस साजिश को अंजाम देने की बात भी पुलिस ने बताई है।
मामले में सावित्री, सरस्वती और कारण कुमार गौतम को गिरफ्तार किया गया है। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद मासूम को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।