Pardafas news 24×7 महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के बभनौली बुजुर्ग के टोला कांटी में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। घर के पीछे स्थित आम के बागीचे में 17 वर्षीय किशोर रिंकेश का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई, वहीं बेटे की मौत की खबर से मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक रिंकेश नगर पंचायत पनियरा स्थित एक विद्यालय में कक्षा नौ का छात्र था। शुक्रवार की रात उसने परिवार के साथ खाना खाया और इसके बाद घर में सोने चला गया। परिजनों को जरा भी अंदाजा नहीं था कि रात में ऐसी घटना हो जाएगी।
बताया जा रहा है कि रात करीब तीन बजे रिंकेश की मां मीरा की नींद खुली तो बेटा अपने बिस्तर पर नहीं मिला। उन्होंने पहले घर के अंदर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद वह घर के पीछे स्थित आम के बागीचे में पहुंचीं, जहां बेटे को फंदे से लटका देखकर चीख पड़ीं। मां की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन आनन-फानन में किशोर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, रिंकेश सात भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता गंगा पासवान का करीब तीन साल पहले निधन हो चुका है। दो भाई हैदराबाद में काम करते हैं, जबकि चार भाई घर पर रहते हैं। सबसे छोटे बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलने पर पनियरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल
सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।