नगर पंचायत घुघली, जनपद महाराजगंज में डस्टबिन क्रय में कथित अनियमितताओं का मामला अब गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस के आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) ने इस प्रकरण की औपचारिक जांच तेज कर दी है। शासनादेश संख्या 1/546533/2024 (फाइल संख्या 25-8099-69-2024-8), दिनांक 24 अप्रैल 2024 के क्रम में चल रही जांच के तहत ईओडब्ल्यू ने श्री अजीत कुमार सिंह को तलब किया है।

ईओडब्ल्यू मुख्यालय, गोमती नगर विस्तार, लखनऊ से जारी पत्र के अनुसार, जांच अधिकारी सुधा सिंह द्वारा नगर पंचायत घुघली में डस्टबिन क्रय के दौरान हुई वित्तीय एवं प्रक्रियागत अनियमितताओं की पड़ताल की जा रही है। इसी क्रम में श्री अजीत कुमार सिंह, निवासी ग्राम एवं पोस्ट मेदनीपुर नारायण टोला, थाना घुघली, जिला महाराजगंज को निर्देशित किया गया है कि वे इस प्रकरण से संबंधित सभी सुसंगत अभिलेखों के साथ 8 जनवरी 2026 को प्रातः 11 बजे ईओडब्ल्यू कार्यालय, लखनऊ में उपस्थित होकर अपना कथन दर्ज कराएं।
सूत्रों के मुताबिक, डस्टबिन खरीद में मूल्य निर्धारण, आपूर्ति प्रक्रिया, निविदा नियमों और भुगतान से जुड़ी कई गंभीर आपत्तियां सामने आई हैं। प्रारंभिक जांच में नियमों के उल्लंघन और संभावित वित्तीय नुकसान की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते मामले को ईओडब्ल्यू को सौंपा गया था।
ईओडब्ल्यू ने इस मामले की तामीली सुनिश्चित करने के लिए प्रभारी निरीक्षक, थाना घुघली को भी पत्र भेजा है, ताकि संबंधित को नोटिस की प्रति विधिवत तामील कराई जा सके और उसकी पुष्टि संगठन को उपलब्ध कराई जाए।
नगर पंचायत घुघली का यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सबकी निगाहें 8 जनवरी की पेशी पर टिकी हैं, जहां दर्ज होने वाले बयान और प्रस्तुत दस्तावेज जांच की दिशा और आगे की कार्रवाई तय करेंगे।