Pardafas news 24×7 निचलौल, महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के कोहड़वल गांव के सिसवाडीह टोले में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। करीब 40 वर्षीय इंदल भारती का शव उनके घर के बरामदे में सीढ़ी के पास निकली लोहे की छड़ से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। शव
देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह इंदल भारती की पत्नी सुनीता कमरे से बाहर निकलीं। इसी दौरान उनकी नजर सीढ़ी के पास लटके पति के शव पर पड़ी। यह दृश्य देखकर वह घबरा गईं और शोर मचाने लगीं। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में घटना की सूचना निचलौल थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इंदल भारती ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
परिजनों के अनुसार, इंदल भारती गारा-माटी और मजदूरी का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी सुनीता की उम्र करीब 38 वर्ष है। दंपती के चार बच्चे हैं। बड़ा बेटा सर्वेश करीब 20 वर्ष का है, जो रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर गया हुआ है। इसके अलावा बेटी आरती करीब 18 वर्ष, बेटी आकृति भारती करीब 16 वर्ष और सबसे छोटा बेटा देवराज करीब 13 वर्ष का है।
घटना के बाद पत्नी सुनीता समेत बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से परिवार सदमे में है। वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।