Pardafas news 24×7 महराजगंज। जिले के सोनौली कोतवाली के सामने स्थित निर्माणाधीन पार्किंग स्थल में दीपावली की देर शाम अचानक एक मालवाहक ट्रक में आग लग गई।

आग की चपेट में आने से ट्रक का कैबिन पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सोनौली पुलिस सक्रिय हुई और नौतनवा से दमकल टीम के साथ नेपाल की दमकल टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी ट्रक चालक शंकर यादव ने दीपावली के अवसर पर अपने मालवाहक वाहन पर दीपक जलाया था। आशंका जताई जा रही है कि दीपक से निकली चिंगारी के कारण वाहन में आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल नौतनवा स्थित दमकल टीम और नेपाल की दमकल टीम को सूचना देकर बुलाया। दोनों देशों की दमकल टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हालांकि, दमकल गाड़ियों के पहुंचने से पहले ही ट्रक का कैबिन पूरी तरह जल चुका था।
गनीमत रही कि आग आसपास खड़े अन्य वाहनों तक नहीं पहुंची, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में ट्रक का कैबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दीपावली के दिन हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और सावधानी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।