Pardafas news 24×7 महराजगंज। जिले के पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा और जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने नौतनवा स्थित एक रेस्टोरेंट से संबंधित खबर प्रकाशित किए जाने के बाद एक पत्रकार साथी को सोशल मीडिया के माध्यम से निशाना बनाए जाने का मामला जिलाधिकारी के सामने रखा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि रेस्टोरेंट से जुड़ी खबर प्रकाशित होने के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें पत्रकार के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। पत्रकारों का आरोप है कि वीडियो के माध्यम से उनके साथी की सामाजिक और निजी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
पत्रकारों ने जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो और टिप्पणी पोस्ट करने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया। पत्रकारों ने संबंधित रेस्टोरेंट की गतिविधियों की भी जांच कराने तथा जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल पत्रकारों ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को सामने लाना पत्रकारिता का महत्वपूर्ण दायित्व है। किसी खबर से असहमति होने पर संबंधित पक्ष को तथ्यात्मक जवाब देने का अधिकार है, लेकिन किसी पत्रकार की व्यक्तिगत या सामाजिक छवि को प्रभावित करने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया जाना उचित नहीं है।
पत्रकारों ने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर
कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने पत्रकारों की बात को गंभीरता से सुना और मामले में नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की उम्मीद जताई।