महराजगंज जनपद की एक ग्राम सभा में निर्वाचक नामावली 2025–26 को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्राम ढेसो, पोस्ट लेदी फॉर्म, जनपद महराजगंज के स्थायी निवासी फखरुद्दीन पुत्र बिस्मिल्लाह ने जिलाधिकारी महोदय को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) द्वारा पद के दुरुपयोग और मनमानी किए जाने का आरोप लगाया है।

प्रार्थी के अनुसार, ग्राम सभा ढेशों पोस्ट लेदी ब्लाक निचलौल में तैयार की गई निर्वाचन नामावली में कई स्तर पर गड़बड़ियां की गई हैं। आरोप है कि कुछ ऐसे व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं, जिनकी मृत्यु नहीं हुई है, और जीवित है जीवित मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काट दिए गए। इसके साथ ही कई मतदाताओं के नाम उनके मूल वार्ड से हटाकर दूसरे वार्ड में दर्ज कर दिए गए, जिससे उनके मतदान अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि 18 वर्ष से कम आयु के कुछ लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कर दिए गए हैं, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है। वहीं दूसरी ओर, कई ऐसे युवा जिनकी आयु 18 वर्ष से अधिक है और जो मतदाता बनने की पात्रता रखते हैं, उनके नाम सूची में शामिल ही नहीं किए गए। इससे निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि संबंधित बीएलओ श्रीमती पुनीता, कथित रूप से कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों से संबंध होने के कारण दबाव में आकर निर्वाचक नामावली में हेराफेरी कर रही हैं। शिकायत के अनुसार, ग्राम प्रधान से जुड़े रिश्तों का लाभ उठाकर मतदाता सूची में मनचाहे परिवर्तन किए गए, ताकि भविष्य में राजनीतिक लाभ लिया जा सके।
फखरुद्दीन ने यह भी उल्लेख किया है कि पूर्व में भी इस मामले की शिकायत की गई थी और जांच के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने अपने प्रार्थना पत्र के साथ आधार कार्ड, पहचान पत्र तथा संबंधित दस्तावेजों की छायाप्रति भी संलग्न की है।

प्रार्थी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि निर्वाचक नामावली की शुद्धता सुनिश्चित हो सके और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर जनता का विश्वास बना रहे।