भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम, कद्दू लदे पिकअप के साथ एक गिरफ्तार

रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी 

झुलनीपुर-अमड़ी पुल के पास पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई, 34 बोरी कद्दू बरामद; वाहन व आरोपी कस्टम के हवाले

महराजगंज/निचलौल। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निचलौल पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कद्दू लदे एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान वाहन से 34 बोरी कद्दू बरामद हुआ, जबकि मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। बरामद वाहन, कद्दू और आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए निचलौल कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, शीतलापुर पुलिस चौकी प्रभारी सूरज तिवारी पुलिस टीम के साथ सीमावर्ती क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में कद्दू लादकर उसे अवैध तरीके से सीमा पार ले जाने की तैयारी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एसएसबी को जानकारी दी और संयुक्त टीम गठित कर संदिग्ध मार्ग पर निगरानी बढ़ा दी।

इसके बाद पुलिस और एसएसबी की टीम ने झुलनीपुर नहर पटरी मार्ग पर अमड़ी पुल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन में 34 बोरी कद्दू लदा मिला। टीम ने वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय चौधरी निवासी लक्ष्मीपुर, थाना ठूठीबारी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, बरामद कद्दू को सीमा पार ले जाने की तैयारी की जा रही थी। संयुक्त टीम ने पिकअप वाहन और कद्दू समेत आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए निचलौल कस्टम विभाग को सौंप दिया।

सीमा क्षेत्र में तस्करी की गतिविधियों के बीच हुई इस कार्रवाई को सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता से जोड़कर देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

error: Content is protected !!