कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान को लेकर जिले में तैयारियां तेज, 13 से 18 अगस्त तक बैठकों का सिलसिला

रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी 

 

महराजगंज। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत जिले में पार्टी संगठन को मजबूत करने और पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से केंद्रीय एवं राज्य पर्यवेक्षकों के विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। अभियान के तहत 13 से 18 अगस्त तक जिले की विभिन्न विधानसभाओं में लगातार बैठकें आयोजित की जाएंगी।

 

कार्यक्रम के अनुसार 13 अगस्त, गुरुवार की शाम फरेंदा स्थित ग्रीन वैली होटल में सभी केंद्रीय एवं राज्य पर्यवेक्षकों की समन्वय बैठक होगी। इसके बाद 14 अगस्त, शुक्रवार को महराजगंज मुख्यालय स्थित अग्रवाल अतिथि भवन में जिला कार्यसमिति की व्यापक बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से अलग-अलग मुलाकात तथा फ्रंटल संगठनों के जिलाध्यक्षों के साथ संवाद का कार्यक्रम भी निर्धारित है।

 

15 अगस्त को फरेंदा कांग्रेस कार्यालय पर विधायक वीरेंद्र चौधरी की उपस्थिति में झंडारोहण समारोह होगा। इसी दिन संगठन सृजन अभियान के तहत फरेंदा विधानसभा के पदाधिकारियों की बैठक भी आयोजित की जाएगी।

 

इसी क्रम में 16 अगस्त को महराजगंज विधानसभा, 17 अगस्त को पनियरा विधानसभा तथा 18 अगस्त को नौतनवा और सिसवा विधानसभा के पदाधिकारियों की बैठक होगी। नौतनवा की बैठक सुबह 11 बजे अतिथि भवन में, जबकि सिसवा विधानसभा की बैठक दोपहर 3 बजे निचलौल तहसील मुख्यालय पर आयोजित की जाएगी।

 

जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी बैठकों में जिले के पदाधिकारियों, प्रदेश पदाधिकारियों, पूर्व सांसद-विधायकों, जिला पंचायत सदस्यों, पूर्व एवं वर्तमान अध्यक्ष-चेयरमैन, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों सहित ब्लॉक एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति अनिवार्य बताई है।

 

जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय एवं स्थान पर पहुंचकर संगठन सृजन अभियान को सफल बनाने की अपील की है। यह जानकारी जिला उपाध्यक्ष (संगठन) विनोद सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।

error: Content is protected !!