अमृत सरोवर हादसा: पीड़ित परिवारों से मिले गोविंद मिश्रा, अजय राय ने फोन पर बंधाया ढांढस

रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी 

सिसवा, 12 अगस्त। अमृत सरोवर में डूबने से तीन किशोरों की मौत के मामले में बुधवार को कांग्रेस नेता गोविंद मिश्रा ने पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने घटना की जानकारी लेते हुए दुख की इस घड़ी में परिवारों के प्रति संवेदना जताई और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद गोविंद मिश्रा ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से फोन पर परिजनों की बातचीत कराई। अजय राय ने परिवार के सदस्यों से घटना की पूरी जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाते हुए न्याय की लड़ाई में साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।

अजय राय ने कहा कि तीन किशोरों की मौत बेहद दुखद और गंभीर घटना है। यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्टाचार सामने आता है तो कांग्रेस जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मजबूती से आवाज उठाएगी। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

कांग्रेस नेता गोविंद मिश्रा ने कहा कि अमृत सरोवर में हुई इस दर्दनाक घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि हादसे के वास्तविक कारणों की पड़ताल होनी चाहिए और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव स्तर पर आवाज उठाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और ग्रामीण भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

इस दौरान सिसवा ब्लॉक अध्यक्ष आनंद कन्नौजिया, निवर्तमान जिलाध्यक्ष कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अब्दुल गनी, ब्लॉक उपाध्यक्ष रूमताज सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!