रिपोर्ट – कृष्णा तिवारी
महराजगंज/सिसवा। सिसवा ब्लॉक क्षेत्र के ग्रामसभा सोनबरसा में संचालित एक ईंट-भट्ठे के खिलाफ नियमों की अनदेखी और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता अरविंद सिंह ने मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी शिकायत में आरोप लगाया है कि भट्ठा संचालन में प्रदूषण नियंत्रण, जीएसटी तथा खनन विभाग से संबंधित निर्धारित नियमों और शुल्कों का पालन नहीं किया जा रहा है।

शिकायत के अनुसार, भट्ठे के आसपास कथित तौर पर डीएन पब्लिक स्कूल भी संचालित है। आरोप है कि काश्तकारों से उनकी भूमि की मिट्टी लेने के लिए ₹10 के स्टाम्प पर हस्ताक्षर कराए जाते हैं और नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी किए बिना मिट्टी का खनन किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने उपजाऊ मिट्टी के कथित दोहन से कृषि भूमि को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई है।
अरविंद सिंह का कहना है कि इस संबंध में 4 मई 2026 को शिकायत की गई थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। अब उन्होंने खनन विभाग, राज्यकर विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों से संयुक्त जांच कराकर दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई/आईजीआरएस पर 30 जुलाई 2026 को दर्ज हुई, जिसका पंजीकरण संख्या GOVUP/E/2026/0097138 है। फिलहाल शिकायत की स्थिति “Grievance Received” दर्ज है। आरोपों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।