रिपोर्ट -सुर्य प्रकाश तिवारी
महराजगंज जनपद के शिक्षा विभाग में उस समय हड़कंप मच गया जब पी०एम०श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय सोनरा की प्रधानाध्यापिका श्रीमती शशिबाला पटेल के खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए। ग्राम सिंहपुर निवासी शिकायतकर्ता मनोज कुमार तिवारी द्वारा 08 अप्रैल 2026 को दायर प्रार्थना पत्र में विद्यालय में वित्तीय अनियमितताओं और सरकारी धन के दुरुपयोग के कई गंभीर बिंदु उठाए गए हैं।
शिकायत के अनुसार विद्यालय को खेल सामग्री खरीदने हेतु प्राप्त धनराशि का उपयोग नहीं किया गया, जिससे छात्रों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया। इसके अलावा आरोप है कि पुराने विद्यालय के ध्वस्तीकरण से निकली ईंटों का उपयोग नए भवन निर्माण में किया गया, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। शिकायतकर्ता द्वारा प्रस्तुत छायाचित्रों को इस मामले में अहम साक्ष्य माना जा रहा है।
सबसे गंभीर आरोप मिड-डे मील (एमडीएम) योजना में गड़बड़ी का है, जिसमें विद्यालय में वास्तविक छात्र संख्या से अधिक बच्चों की उपस्थिति दर्ज कर खाद्यान्न व धनराशि में हेराफेरी किए जाने की बात कही गई है। यह आरोप सीधे तौर पर बच्चों के पोषण और सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लगाता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धी पाण्डेय ने जांच के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन किया है, जिसमें खण्ड शिक्षा अधिकारी घुघली और सदर को शामिल किया गया है। समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वे अभिलेखीय, भौतिक और स्थलीय स्तर पर जांच कर 15 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
अब सबकी नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह तय होगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।