फूड इंस्पेक्टर की सैंपलिंग से परेशान व्यापारी, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन; निष्पक्ष जांच की मांग

रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी 

निचलौल, महराजगंज। खाद्य विभाग की लगातार सैंपलिंग कार्रवाई से परेशान निचलौल के व्यापारियों ने बुधवार को तहसील परिसर पहुंचकर विरोध जताया। किराना व्यवसायिक संघ, निचलौल-महराजगंज के नेतृत्व में व्यापारियों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर खाद्य निरीक्षक की कार्रवाई पर सवाल उठाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

व्यापारियों का आरोप है कि खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग के नाम पर उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन जांच और सैंपलिंग की प्रक्रिया नियमानुसार, पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि लगातार कार्रवाई से कारोबार प्रभावित हो रहा है और उनमें असंतोष बढ़ रहा है।

ज्ञापन में व्यापारियों ने सैंपलिंग की प्रक्रिया की जांच कराने, कार्रवाई में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि नियमों का पालन कराने के नाम पर यदि किसी व्यापारी के साथ अनुचित व्यवहार होता है तो प्रशासन को इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।

तहसील परिसर में बड़ी संख्या में व्यापारियों के जुटने से माहौल गरमा गया। इस दौरान व्यापारियों ने एकजुटता दिखाते हुए “व्यापारी एकता जिंदाबाद” के नारे लगाए और अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं।

व्यापारियों ने एसडीएम से मामले में हस्तक्षेप कर उचित समाधान कराने की मांग की है। वहीं, ज्ञापन सौंपे जाने के बाद अब प्रशासन की जांच और खाद्य विभाग का पक्ष सामने आने का इंतजार है। मामले में वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

error: Content is protected !!