रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी
घुघली/महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम मंगलपुर पटखौली में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक बुजुर्ग व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़े मिले। राहगीरों की नजर बुजुर्ग पर पड़ते ही उन्होंने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बिना देर किए बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, अचेत अवस्था में मिले बुजुर्ग की पहचान सब्बीर पुत्र अमीर, निवासी वार्ड नंबर 24, नगर पंचायत बरहज, थाना बरहज, जनपद देवरिया के रूप में हुई। उनकी हालत को देखते हुए पुलिस ने तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई। समय पर उपचार मिलने के बाद बुजुर्ग की हालत में सुधार बताया गया।

पुलिस ने बुजुर्ग के घुघली निवासी रिश्तेदार रियाज को मामले की जानकारी दी और उन्हें मौके पर बुलाया। उपचार के बाद बुजुर्ग को उनके रिश्तेदार के सुपुर्द कर दिया गया। फिलहाल उनकी हालत ठीक बताई जा रही है।
बुजुर्ग के सड़क किनारे अचेत मिलने की सूचना पर हेड कांस्टेबल प्रदुमन सिंह, कांस्टेबल ब्रिजेश यादव और एसआई आशुतोष पाठक ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई की। पुलिसकर्मियों की सक्रियता के चलते बुजुर्ग को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका।
घटना ने यह भी दिखाया कि सड़क पर किसी व्यक्ति को संकट में देखकर तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना देना कितना महत्वपूर्ण है। राहगीरों की सजगता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते बुजुर्ग को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी। स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की।