रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी
निचलौल/महराजगंज। निचलौल-महराजगंज मार्ग पर डंपर की चपेट में आने से चार लोगों की मौत के मामले में निचलौल पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार चालक के पास भारी व्यावसायिक/परिवहन वाहन चलाने के लिए वैध कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। इसके बावजूद वह डंपर चला रहा था।
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
मामला मु0अ0सं0 228/26, धारा 281/105/324(4) बीएनएस से संबंधित है। पुलिस ने बताया कि आरोपी राहुल कुशवाहा (22 वर्ष) पुत्र संजय कुशवाहा, निवासी जंगल शाहपुर, पोस्ट सिंघापट्टी, थाना कोतवाली पडरौना, जनपद कुशीनगर, अपने पिता के साथ थाने पहुंचा था। पुलिस द्वारा उसके ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई तो भारी व्यावसायिक वाहन चलाने के लिए उसकी वैधता नहीं पाई गई।
आरोप है कि राहुल कुशवाहा डंपर संख्या UP53JT5551 को तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान हुए भीषण हादसे में चार लोगों की गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई थी।
मृतकों की पहचान रवि पुत्र रामव्यास, शनि पुत्र रामव्यास और विवेक पुत्र स्वर्गीय सन्तोष, सभी निवासी पंचमा, थाना निचलौल, महराजगंज, तथा रिकेश पुत्र श्रीपत वियार, निवासी गोगहरा, थाना जमालपुर, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी चालक को 22 अगस्त 2026 को दोपहर 12:10 बजे थाना परिसर से गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र राय, मुख्य आरक्षी रजनीश सिंह, मुख्य आरक्षी विवेक राव और आरक्षी विशाल सिंह शामिल रहे।