पड़ोसी से तकरार के बाद SBI कैशियर की मौत, गांव में मचा हड़कंप

महराजगंज पर्दाफाश न्यूज़ 24×7। पड़ोसी से मोबाइल फोन पर हुई तकरार के बाद एसबीआई कैशियर की अचानक तबीयत बिगड़ने और उपचार के दौरान मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय रामआसरे के रूप में हुई है, जो भारतीय स्टेट बैंक की महराजगंज मुख्य शाखा में कैशियर के पद पर तैनात थे। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, पानी की निकासी के लिए पाइप लगाने को लेकर रामआसरे का अपने पड़ोसी से विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच मोबाइल फोन पर तकरार भी हुई। बताया जा रहा है कि बातचीत के बाद रामआसरे की अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत खराब होने पर परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान सोमवार सुबह रामआसरे की मौत हो गई। कैशियर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में भी सन्नाटा पसर गया।

रामआसरे एसबीआई महराजगंज की मुख्य शाखा में कैशियर के पद पर कार्यरत थे। उनके निधन की खबर बैंक कर्मचारियों और परिचितों तक पहुंची तो शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जा रहा है कि मृतक का बड़ा बेटा बाहर था। उसके पहुंचने का इंतजार किया गया। मंगलवार को बड़े बेटे के पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया की जा रही है।

घटना के बाद गांव में किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। विवाद के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने और मौत होने की घटना को लेकर ग्रामीणों में चर्चा बनी हुई है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!