चार माह से वेतन बकाया: जेएचवी गड़ौरा चीनी मिल में मजदूरों का उग्र आंदोलन, कामकाज ठप

रिपोर्ट – कृष्ण कुमार तिवारी 

लक्ष्मीपुर खुर्द। जेएचवी गड़ौरा चीनी मिल में पिछले चार महीनों से वेतन न मिलने से नाराज मजदूरों का आंदोलन लगातार तीसरे दिन और अधिक उग्र हो गया। सोमवार से शुरू हुआ धरना बुधवार को बड़े विरोध प्रदर्शन में बदल गया, जहां सैकड़ों की संख्या में मजदूर मिल गेट पर एकत्र होकर प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते नजर आए। आक्रोशित श्रमिकों ने चीनी लोडिंग का कार्य पूरी तरह बंद करा दिया, जिससे मिल का संचालन गंभीर रूप से प्रभावित हो गया है।

मजदूर संघ अध्यक्ष नवल किशोर मिश्र के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन में श्रमिकों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनका पूरा बकाया वेतन नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मजदूरों का कहना है कि चार महीने से वेतन न मिलने के कारण उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। घर का खर्च, बच्चों की पढ़ाई और इलाज जैसी बुनियादी जरूरतें भी पूरी करना मुश्किल हो गया है।

श्रमिकों ने आरोप लगाया कि कई बार मिल प्रबंधन से वेतन भुगतान की मांग की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। इस बार उन्होंने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। प्रदर्शन के कारण मिल के भीतर कामकाज लगभग ठप हो चुका है, जिससे उत्पादन पर भी असर पड़ रहा है।

वहीं प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हस्तक्षेप किया है। एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि प्रबंधन और मजदूरों के बीच वार्ता चल रही है, जिसमें एक माह के वेतन भुगतान पर सहमति बनी है। हालांकि मजदूर कम से कम दो माह का वेतन तुरंत देने की मांग पर अड़े हुए हैं। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और किसी भी समय आंदोलन और तेज हो सकता है।

error: Content is protected !!