महराजगंज: देवदह एजुकेशनल सोसायटी में फर्जीवाड़े का आरोप, आयुक्त से उच्चस्तरीय जांच की मांग

रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी 

Oplus_0

महराजगंज/गोरखपुर। देवदह एजुकेशनल सोसायटी, बुद्धनगर अड्डा बाजार से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें संस्था के सचिव पर बड़े पैमाने पर कूटरचना और फर्जीवाड़े के आरोप लगे हैं। इस संबंध में गोरखपुर निवासी और संस्था के वरिष्ठ सदस्य सुशील कुमार मिश्र ने गोरखपुर मंडल के आयुक्त को प्रार्थना-पत्र सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

प्रार्थी का आरोप है कि संस्था के सचिव संजय कुमार मिश्रा द्वारा 9 अक्टूबर 2025 को कथित चुनाव प्रक्रिया के नाम पर उन्हें संस्था से बाहर कर दिया गया, जबकि उन्हें न तो किसी प्रकार की सूचना दी गई और न ही किसी वैधानिक प्रक्रिया का पालन किया गया। प्रार्थी का कहना है कि वह और उनकी पत्नी दोनों संस्था के आजीवन सदस्य हैं, इसके बावजूद उन्हें बिना सूचना और बिना सुनवाई के बाहर कर दिया गया।

मामले में एक और बड़ा खुलासा यह हुआ है कि संस्था से निष्कासन की कार्रवाई के बाद भी, संबंधित अधिकारियों द्वारा 10 अक्टूबर 2025 को संस्था का नवीनीकरण कर दिया गया, जबकि प्रार्थी को अपना पक्ष रखने का अवसर 10 जनवरी 2026 को दिया जाना तय था। इससे प्रशासनिक प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रार्थी ने यह भी आरोप लगाया है कि जब मामला आयुक्त स्तर पर जांच में पहुंचा और संबंधित पक्ष पर कार्रवाई की आशंका बनी, तो सचिव द्वारा 30 मई 2026 को दिए गए प्रत्यावेदन में अपने ही पूर्व दावों से पलटते हुए कहा गया कि प्रार्थी को संस्था से निकाला ही नहीं गया है। इस विरोधाभास को प्रार्थी ने फर्जीवाड़े का स्पष्ट प्रमाण बताया है।

प्रार्थी ने आयुक्त से मांग की है कि संस्था के सभी अभिलेखों को तत्काल प्रभाव से कब्जे में लेकर निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों व सचिव के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो संस्था के संसाधनों का दुरुपयोग जारी रहेगा।

यह मामला अब प्रशासन के लिए एक बड़ी परीक्षा बनता जा रहा है, जहां पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक हो गया है।

error: Content is protected !!