रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी
कटहरा गांव में लंबे समय से बनी थी समस्या, ग्रामीणों की शिकायत पर नायब तहसीलदार ने

महराजगंज। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा कटहरा खास में जल निकासी को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद शुक्रवार को प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया। समस्या के कारण ग्रामीणों में लगातार असंतोष बना हुआ था और कई बार आपसी विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो रही थी। मामले की शिकायत ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी सदर से की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार देशदीपक त्रिपाठी शुक्रवार को राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने संबंधित पक्षों से वार्ता की, राजस्व अभिलेखों का परीक्षण किया तथा स्थल का निरीक्षण कर जलनिकासी की बाधा को दूर कराने के निर्देश दिए। प्रशासन की मौजूदगी में जल निकासी का मार्ग सुनिश्चित कराया गया, जिससे लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए राहत जताई। उनका कहना था कि जलनिकासी बाधित होने से बरसात के दिनों में गांव के कई हिस्सों में जलभराव की आशंका बनी रहती थी। समय रहते समाधान होने से बड़ी समस्या टल गई है। नायब तहसीलदार देशदीपक त्रिपाठी ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण को प्राथमिकता दी जा रही है और किसी भी समस्या को लेकर प्राप्त शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मिथिलेश सिंह, हल्का लेखपाल सुनील यादव, राजेश वर्मा, सुरेंद्र यादव, संतोष राय, बृजेश गौतम, गोलू साँवरिया, सुभाष आदि मौजूद रहे।
—————–