रिपोर्ट – सुर्य प्रकाश तिवारी
महराजगंज। उत्तर प्रदेश लोकायुक्त कार्यालय ने महराजगंज जनपद से जुड़े एक गंभीर परिवाद को लेकर प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। यह परिवाद श्री राहुल सिंह निवासी हरपुर पकड़ी, सिसवा बाजार द्वारा प्रस्तुत किया गया है, जिसमें शासकीय धन के दुरुपयोग और कूटरचित अभिलेख तैयार करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
लोकायुक्त सचिव डॉ. रीमा बंसल द्वारा जारी पत्र संख्या 868-2026/02 में जिलाधिकारी महराजगंज को निर्देशित किया गया है कि मामले की गहन जांच कर 22 जून 2026 तक स्पष्ट और तथ्यात्मक आख्या प्रस्तुत की जाए। पत्र में चार प्रमुख बिंदुओं पर विशेष रूप से जवाब मांगा गया है।
पहले बिंदु में यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि क्या आरोपित पक्षों ने फर्जी दस्तावेज बनाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया है। यदि ऐसा पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। दूसरे बिंदु में यह पूछा गया है कि क्या आरोपितों ने अपने कृत्यों से कोई संज्ञेय अपराध किया है। यदि अपराध की पुष्टि होती है, तो दंड प्रक्रिया संहिता के अंतर्गत कार्रवाई की जाए।
तीसरे बिंदु में राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में कठोर और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। चौथे बिंदु में अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है।
लोकायुक्त कार्यालय की इस पहल से जिले में प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। वहीं, शिकायतकर्ता राहुल सिंह को भी मामले की प्रति भेजकर उन्हें सूचित किया गया है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस संवेदनशील मामले में क्या कदम उठाता है।