रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी
महराजगंज।
सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा कटहरा खास, टोला निठुरी नगर में जर्जर और क्षतिग्रस्त 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन विद्युत लाइन ग्रामीणों के लिए जानलेवा खतरा बन गई है। गांव के ऊपर से गुजर रही यह लाइन कई स्थानों पर ढीली होकर नीचे लटक रही है, जिससे हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। इस गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत विभाग द्वारा स्थापित यह हाईटेंशन लाइन आवासीय मकानों और मुख्य मार्ग के ऊपर से होकर गुजरती है। तार इतने जर्जर हो चुके हैं कि कई जगहों पर टूटकर झूल रहे हैं, जिससे लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। सबसे ज्यादा खतरा बच्चों, राहगीरों और पशुओं को है, जो अनजाने में इन तारों की चपेट में आ सकते हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस समस्या की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही के कारण स्थिति दिन-प्रतिदिन और गंभीर होती जा रही है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश दिए जाएं, ताकि जर्जर तारों को बदला जा सके और नीचे लटक रहे हाईटेंशन तारों को मानक ऊंचाई पर व्यवस्थित कराया जा सके।
इस दौरान मिथिलेश सिंह, रवींद्र जैन, अर्जुन मौर्य, मनोज गौतम, गुलशन कुमार, शैलेश कुमार, अंगद, नरेंद्र, बीरेंद्र, अमरजीत, आशीष समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।