रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी

महराजगंज जनपद की कोतवाली पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का सफल खुलासा करते हुए तांत्रिक रमाकांत चौहान की हत्या में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप (आला-कत्ल) भी बरामद कर ली है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम के मार्गदर्शन में की गई। मामले में मु0अ0सं0 437/2025 के तहत धारा 103(1), 238, 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राघवेन्द्र सिंह उर्फ जेलर, निवासी केशवपुर, सहजनवां (गोरखपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर न्यायालय भेज दिया है।
घटना के अनुसार, 1 जून 2025 को आरोपी ने रमाकांत चौहान को उनके घर से कार में बैठाकर सहजनवां ले गया, जहां लोहे की पाइप से सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए कई स्थानों की तलाश की और अंततः बस्ती जनपद के नगर थाना क्षेत्र के खड़ौवाजाट इलाके में सुनसान स्थान पर शव फेंक दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक तांत्रिक था और झाड़-फूंक का कार्य करता था। दो लाख रुपये के लेन-देन और पारिवारिक विवाद के चलते वह उससे नाराज था। साथ ही उसने अपने पुत्र की मृत्यु के लिए भी तांत्रिक को जिम्मेदार मानते हुए बदले की भावना में इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
घटना के बाद आरोपी दिल्ली फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस खुलासे से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।